वैराग्य छोड़ बाँहों की विभा सँभालो, चट्टानों की छाती से दूध निकालो है रुकी जहाँ भी धार, शिलाएँ तोड़ो पीयूष चन्द्रमाओं को पकड़ निचोड़ो। चढ़ तुंग शैल-शिखरों पर सोम पियो रे ! योगियों नहीं, विजयी के सदृश जियो रे ! छोड़ो मत अपनी आन, सीस कट जाये, मत झुको अनय पर भले व्योम फट जाये। दो बार नहीं यमराज कंठ धरता है मरता है, जो एक ही बार मरता है। तुम स्वयं मरण के मुख पर चरण धरो रे, जीना हो तो मरने से डरो नहीं रे ! स्वातंत्र्य जाति की लगन व्यक्ति की धुन है, बाहरी वस्तु यह नहीं, भीतरी गुण है। नत हुए बिना जो अशनि-घात सहती है, स्वाधीन जगत में वही जाति रहती है। वीरत्व छोड़ पर का मत चरण गहो रे ! जो पड़े आन, खुद ही सब आग सहो रे !