List of top Hindi Elective Questions asked in CBSE CLASS XII

निम्नलिखित गद्यांशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किसी एक गद्यांश की सप्रसंग व्याख्या कीजिए: धर्म के रहस्य जानने की इच्छा प्रत्येक मनुष्य न करे, जो कहा जाए वही कान ढलकाकर सुन ले, इस सत्ययुगी मत के समर्थन में घड़ी का दृष्टांत बहुत तालियाँ पिटवाकर दिया जाता है। घड़ी समय बतलाती है। किसी घड़ी देखना जाननेवाले से समय पूछ लो और काम चला लो। यदि अधिक करो तो घड़ी देखना स्वयं सीख लो किंतु तुम चाहते हो कि घड़ी का पीछा खोलकर देखें, पुर्जे गिन लें, उन्हें खोलकर फिर जमा दें, साफ़ करके फिर लगा लें - यह तुमसे नहीं होगा। तुम उसके अधिकारी नहीं। यह तो वेदशास्त्रज्ञ धर्माचार्यों का ही काम है कि घड़ी के पुर्जे जानें, तुम्हें इससे क्या?
निम्नलिखित गद्यांशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किसी एक गद्यांश की सप्रसंग व्याख्या कीजिए: स्वातंत्र्योत्तर भारत की सबसे बड़ी ट्रेजेडी यह नहीं है कि शासक वर्ग ने औद्योगीकरण का मार्ग चुना, ट्रेजेडी यह रही है कि पश्चिम की देखादेखी और नकल में योजनाएँ बनाते समय - प्रकृति, मनुष्य और संस्कृति के बीच का नाजुक संतुलन किस तरह नष्ट होने से बचाया जा सकता है - इस ओर हमारे पश्चिम-शिक्षित सत्ताधारियों का ध्यान कभी नहीं गया। हम बिना पश्चिम को मॉडल बनाए, अपनी शर्तों और मर्यादाओं के आधार पर, औद्योगिक विकास का भारतीय स्वरूप निर्धारित कर सकते हैं, कभी इसका खयाल भी हमारे शासकों को आया हो, ऐसा नहीं जान पड़ता।
यह जो मेरे सामने कुटज का लहराता पौधा खड़ा है वह नाम और रूप दोनों में अपनी अपराजेय जीवनी शक्ति की घोषणा कर रहा है। इसलिए यह इतना आकर्षक है। नाम है कि हज़ारों वर्ष से जीता चला आ रहा है। कितने नाम आए और गए। दुनिया उनको भूल गई, वे दुनिया को भूल गए। मगर कुटज है कि संस्कृत की निरंतर स्फीयमान शब्दराशि में जो जमके बैठा, सो बैठा ही है। और रूप की तो बात ही क्या है! बलिहारी है इस मादक शोभा की। चारों ओर कुपित यमराज के दारुण निःश्वास के समान धधकती लू में यह हरा भी है और भरा भी है, दुर्जन के चित्त से भी अधिक कठोर पाषाण की कारा में रुद्ध अज्ञात जलस्रोत से बरबस रस खींचकर सरस बना हुआ है। और मूर्ख के मस्तिष्क से भी अधिक सूने गिरि कांतार में भी ऐसा मस्त बना है कि ईर्ष्या होती है। कितनी कठिन जीवनी-शक्ति है! प्राण ही प्राण को पुलकित करता है, जीवनी-शक्ति ही जीवनी-शक्ति को प्रेरणा देती है।
चलते चलो, चलते चलो सूरज के संग-संग चलते चलो, चलते चलो! तम के जो बंदी थे सूरज ने मुक्त किए किरनों से गगन पोंछ धरती को रँग दिए, सूरज को विजय मिली, ऋतुओं की रात हुई कह दो इन तारों से चंदा के संग-संग चलते चलो! रत्नमयी वसुधा पर चलने को चरण दिए बैठी उस क्षितिज पार लक्ष्मी शृंगार किए आज तुम्हें मुक्ति मिली, कौन तुम्हें दास कहे स्वामी तुम ऋतुओं के, संवत् के संग-संग चलते चलो! नदियों ने चलकर ही सागर का रूप लिया मेघों ने चलकर ही धरती को गर्भ दिया रुकने का मरण नाम, पीछे सब प्रस्तर है। आगे है देवयान, युग के ही संग-संग चलते चलो! मानव जिस ओर गया नगर बसे, तीर्थ बने तुमसे है कौन बड़ा गगन-सिंधु मित्र बने भूमा का भोगो सुख, नदियों का सोम पियो त्यागो सब जीर्ण वसन, नूतन के संग-संग चलते चलो!
विश्व की आबादी बढ़ने के साथ ही कृषि योग्य भूमि की कमी एक बड़ी समस्या बनकर उभरी है। ऐसे में लोगों को कृषि के संदर्भ में अधिक रचनात्मकता और कुशलता अर्जित करने की आवश्यकता है। इसके तहत कम भूमि के उपयोग से ही फ़सल की उपज और उत्पादकता को बढ़ाने पर विशेष जोर देना होगा। कृषि सुधार के कई बड़े प्रयासों के बावजूद यह क्षेत्र आज भी अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। इस संदर्भ में जलवायु परिवर्तन और खाद्य असुरक्षा जैसी समस्याओं के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) उत्पादकता को बढ़ाने में सहायक हो सकती है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता किसी कंप्यूटर या मशीन द्वारा मानव मस्तिष्क के सामर्थ्य की नकल करने की क्षमता है। भारत में मृदा के प्रकार, जलवायु और स्थलाकृति विविधता के कारण यहाँ से प्राप्त डेटा कृषि के लिए अत्याधुनिक ए.आई. उपकरण तथा अन्य कृषि समाधान विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा। कृषि के विभिन्न घटकों में प्रतिदिन सैकड़ों और हजारों प्रकार के डेटा (जैसे मृदा, उर्वरकों की प्रभाविकता आदि) उपलब्ध होते हैं। ए.आई. की मदद से किसान मौसम, तापमान, पानी के उपयोग या अपने खेत की मिट्टी का विश्लेषण कर, समस्याओं को पहचानकर बेहतर निर्णय ले सकेंगे। ए.आई. सेंसर खरपतवारों की पहचान कर सकते हैं और फिर उनकी पहचान के आधार पर उपयुक्त खरपतवारनाशक का चुनाव कर सटीक मात्रा में खरपतवारनाशक का छिड़काव कर सकते हैं। जिससे कृषि क्षेत्र में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक विषाक्त पदार्थों के अनावश्यक प्रयोग को सीमित करने में सहायता मिलती है। कृषि आय में गिरावट के कारण इस क्षेत्र को श्रमिकों द्वारा बहुत कम प्राथमिकता दी जाती है। श्रमिकों की इस कमी को दूर करने में ए.आई. कृषि बॉट्स एक उपयुक्त समाधान हो सकते हैं। किसानों द्वारा कृषि से जुड़े परामर्श के लिए ए.आई. की सहायता ली जा रही है। हाल ही में कृषि क्षेत्र में हुए बड़े सुधारों के परिणामस्वरूप भविष्य में कृषि क्षेत्र में प्रौद्योगिकी के प्रसार की भी संभावनाएँ हैं। इन प्रयासों के माध्यम से कृषि में ए.आई. को अपनाए जाने की पहलों को बढ़ावा मिलेगा।