List of top Hindi Elective Questions asked in CBSE CLASS XII

यदि मानव परस्पर पृथक् होकर कार्य तथा विचार करें तो मानवसमाज की प्रगति संभव नहीं। इसलिए मनुष्य का मन, वचन और कर्म से यथासंभव एक होना आवश्यक है। यदि हम एकजुट होकर काम करते हैं तो हमारी उन्नति निश्चित है। यदि हम बँटकर, बिखरकर काम करते हैं तो हमारी अवनति होकर रहेगी। कहते हैं कि एकता में ही बल है – अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ता। एक मामूली तिनके की क्या बिसात ! किंतु जब वही संगठित हो जाता है तो उससे बनी रस्सी के द्वारा बड़े-बड़े उन्मत्त गजराज भी बाँध दिए जाते हैं। एक नन्हीं-मुन्नी बूँद की क्या हस्ती ! किन्तु वही बूँद मिलकर समुदाय रूप में जब नद बन जाती है तो उसके सामने बड़े-बड़े भूधर भी काँपने लगते हैं। एक छोटी-सी ईंट तो किसी ठोकर या चोट से फोड़ी जा सकती है किंतु जब वही मिलकर दीवार बनती है तो बड़े-बड़े वीरों के पथ अवरुद्ध हो जाते हैं। जो चींटी छोटी और दुबली मालूम पड़ती है, वही जब एक साथ हो जाती है तो विषधर भुजंगों को भी चट कर जाती है। यदि चिड़ियाँ एका कर लें तो शेर की खाल खींच सकती हैं। यदि हम अपने शरीर की ओर देखें तो एकता का महत्त्व स्पष्ट हो जाएगा। विनोबा भावे ने कहा है कि सबको हाथ की पाँचों उँगलियों की तरह रहना चाहिए। हाथ की पाँचों उँगलियाँ तो समान नहीं है – कोई छोटी है, कोई बड़ी। लेकिन हाथ से किसी को उठाना होता है तो पाँचों इकट्ठा होकर उठाती हैं, हैं तो पाँच लेकिन काम हज़ार का कर लेती हैं – उनमें एकता जो है। एकता के अभाव में दुष्परिणाम कितना भयावह होता है। कौरव और पाण्डव की आपसी फूट के कारण इतना बड़ा महाभारत हुआ जिसे सारा संसार जानता है। अनाचारी रावण भी शायद ही पराजित होता यदि अपने छोटे भाई विभीषण को लात मारकर वह अपने से अलग नहीं कर देता। अत: यह आवश्यक है कि यदि परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की त्रिवेणी लहराती हुई देखना चाहते हैं तो परिवार के सदस्यों को एकता के दिव्यमंत्र से दीक्षित करें। हम देश में, समग्र संसार में एकता का शंख फूँके और 'वसुधैव कुटुंबकम्' की डोर में बँध जाएँ।
जरा खोलकर देख न लेने दीजिए कि कौन-सा पेच बिगड़ रहा है, यदि पुर्जे ठीक हैं और आधी रात ही है तो हम फिर सो जाएँगे, दूसरी घड़ियों को गलत न मान लेंगे पर ज़रा देख तो लेने दीजिए। पुर्जे खोलकर फिर ठीक करना उतना कठिन काम नहीं है, लोग सीखते भी हैं, सिखाते भी हैं, अनाड़ी के हाथ में चाहे घड़ी मत दो पर जो घड़ीसाज़ी का इम्तहान पास कर आया है उसे तो देखने दो। साथ ही यह भी समझा दो कि आपको स्वयं घड़ी देखना, साफ़ करना और सुधारना आता है कि नहीं। हमें तो धोखा होता है कि परदादा की घड़ी जेब में डाले फिरते हो, वह बंद हो गई है, तुम्हें न चाबी देना आता है न पुर्जे सुधारना तो भी दूसरों को हाथ नहीं लगाने देते इत्यादि।
निम्नलिखित गद्यांशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर किसी एक गद्यांश की सप्रसंग व्याख्या कीजिए: यहाँ खैरवार जाति के आदिवासी राजा शासन किया करते थे, किंतु बाद में सिंगरौली का आधा हिस्सा, जिसमें उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश के खंड शामिल थे, रीवाँ राज्य के भीतर शामिल कर लिया गया। बीस वर्ष पहले तक समूचा क्षेत्र विंध्याचल और कैमूर के पहाड़ों और जंगलों से घिरा हुआ था, जहाँ अधिकांशतः कत्था, महुआ, बाँस और शीशम के पेड़ उगते थे। एक पुरानी दंतकथा के अनुसार सिंगरौली का नाम ही 'सृंगावली' पर्वत माला से निकला है, जो पूर्व-पश्चिम में फैली है। चारों और फैले घने जंगलों के कारण यातायात के साधन इतने सीमित थे कि एक ज़माने में सिंगरौली अपने अतुल प्राकृतिक सौंदर्य के बावजूद - 'काला पानी' माना जाता था।