मेरे पिताजी फ़ारसी के अच्छे ज्ञाता और पुरानी हिंदी कविता के बड़े प्रेमी थे। फ़ारसी कवियों की उक्तियों को हिंदी कवियों की उक्तियों के साथ मिलाने में उन्हें बड़ा आनंद आता था। वे रात को प्रायः रामचरितमानस और रामचंद्रिका, घर के सब लोगों को एकत्र करके बड़े चित्ताकर्षक ढंग से पढ़ा करते थे। आधुनिक हिंदी-साहित्य में भारतेंदु जी के नाटक उन्हें बहुत प्रिय थे। उन्हें भी वे कभी-कभी सुनाया करते थे। जब उनकी बदली हमीरपुर ज़िले की राठ तहसील से मिर्जापुर हुई तब मेरी अवस्था आठ वर्ष की थी। उसके पहले ही से भारतेंदु के संबंध में एक अपूर्व मधुर भावना मेरे मन में जगी रहती थी। 'सत्य हरिश्चंद्र' नाटक के नायक राजा हरिश्चंद्र और कवि हरिश्चंद्र में मेरी बाल-बुद्धि कोई भेद नहीं कर पाती थी।
लेखक के पिता की किसमें रुचि थी ?
फ़ारसी और हिंदी भाषा मिलाने में
फ़ारसी और हिंदी गद्य मिलाने में
नाटक और कविता मिलाकर पढ़ने में
हिंदी-फ़ारसी भाषा की उक्तियाँ मिलाने में
गद्यांश में रामचरितमानस और रामचन्द्रिका का उल्लेख क्यों किया गया है ?
हिंदी साहित्य के विराट रूप का परिचय देने के लिए।
घर के धार्मिक वातावरण का उल्लेख करने के लिए।
लेखक के पिता की भक्ति भावना का उल्लेख करने के लिए।
घर के साहित्यिक परिवेश से परिपूर्ण वातावरण का उल्लेख करने के लिए।
लेखक के मन में भारतेंदु के संबंध में मधुर भावना जागने का कारण था -
पिता द्वारा चित्ताकर्षक ढंग से उनके नाटकों का सुनाया जाना।
हिंदी साहित्य जगत के प्रसिद्ध कवि और नाटककार होना।
बचपन में सत्य हरिश्चंद्र नाटकों का मंचन करना।
बचपन में सत्य हरिश्चंद्र के नाटकों का मंचन देखना।
गद्यांश में प्रयुक्त 'अवस्था' शब्द का अर्थ है -
हालत
दशा
आयु
स्थिति
निम्नलिखित कथन तथा कारण को ध्यानपूर्वक पढ़िए और उचित विकल्प का चयन कर लिखिए :
कथन : बचपन में लेखक राजा हरिश्चंद्र और कवि हरिश्चंद्र में कोई अंतर नहीं कर पाता था।
कारण : लेखक की बाल-बुद्धि नाम की समानता के कारण दोनों को एक ही समझती थी।
कथन तथा कारण दोनों गलत हैं।
कारण सही है लेकिन कथन गलत है।
कथन सही है लेकिन कारण गलत है।
कथन तथा कारण दोनों सही हैं तथा कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।