List of top Questions asked in CBSE CLASS XII

भारतेंदु मंडल की किसी सजीव स्मृति के प्रति मेरी कितनी उत्कंठा रही होगी, यह अनुमान करने की बात है। मैं नगर से बाहर रहता था। एक दिन बालकों की मंडली जोड़ी गई, जो चौधरी साहब के मकान से परिचित थे, वे अगुआ हुए। मील डेढ़ का सफ़र तै हुआ। पत्थर के एक बड़े मकान के सामने हम लोग जा खड़े हुए। नीचे का बरामदा खाली था। ऊपर का बरामदा सघन लताओं के जाल से आवृत था। बीच-बीच में खंभे और खुली जगह दिखाई पड़ती थी। उसी ओर देखने के लिए मुझसे कहा गया। कोई दिखाई न पड़ा। सड़क पर कई चक्कर लगे। कुछ देर पीछे एक लड़के ने उँगली ऊपर की ओर इशारा किया। लता-प्रतान के बीच एक मूर्ति खड़ी दिखाई पड़ी। दोनों कंधों पर बाल बिखरे हुए थे। एक हाथ खंभे पर था। देखते ही देखते यह मूर्ति दृष्टि से ओझल हो गई। बस, यही पहली झाँकी थी।
वैराग्य छोड़ बाँहों की विभा सँभालो, चट्टानों की छाती से दूध निकालो है रुकी जहाँ भी धार, शिलाएँ तोड़ो पीयूष चन्द्रमाओं को पकड़ निचोड़ो। चढ़ तुंग शैल-शिखरों पर सोम पियो रे ! योगियों नहीं, विजयी के सदृश जियो रे ! छोड़ो मत अपनी आन, सीस कट जाये, मत झुको अनय पर भले व्योम फट जाये। दो बार नहीं यमराज कंठ धरता है मरता है, जो एक ही बार मरता है। तुम स्वयं मरण के मुख पर चरण धरो रे, जीना हो तो मरने से डरो नहीं रे ! स्वातंत्र्य जाति की लगन व्यक्ति की धुन है, बाहरी वस्तु यह नहीं, भीतरी गुण है। नत हुए बिना जो अशनि-घात सहती है, स्वाधीन जगत में वही जाति रहती है। वीरत्व छोड़ पर का मत चरण गहो रे ! जो पड़े आन, खुद ही सब आग सहो रे !
मनुष्य विवेकशील प्राणी है तथा उसके सारे कार्य बुद्धि से प्रेरित हुआ करते हैं। उसमें उचित-अनुचित और भले-बुरे को समझने की विशेष बुद्धि होती है। इसलिए वह समस्त प्राणियों में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। भूत-वर्तमान और भविष्य के बीच तालमेल बैठाकर वह अपने क्रियाकलाप निश्चित करता है एवं तदनुसार ही उसके जीवन का भला-बुरा स्वरूप निर्मित होता रहता है। प्राचीन काल में विचारशील मनुष्यों ने सुखी एवं उन्नतिशील समाज की रचना के उद्देश्य से उच्च आदर्शों की पृष्ठभूमि पर जिस आचरण-संहिता का निर्माण किया उसे समय-समय पर युगानुकूल परिवर्तनों तथा संशोधनों द्वारा निरंतर जीवंत बनाए रखा। मनीषियों के चिंतन स्वरूप हमें सत्-असत्, न्याय-अन्याय तथा धर्म-अधर्म की जानकारी प्रत्येक युग में मिलती रहती है। मनुष्य ने सदा सुमति पाने की इच्छा प्रकट की। प्रत्येक सुखी एवं सदाचारी व्यक्ति सुमति का धनी होता है। बुद्धि यदि सुपथगामिनी होती है, तो विश्व की समस्त सिद्धियाँ सहज ही प्राप्त होती हैं तथा जीवन में सच्चे आत्म-संतोष एवं सुख का निवास होता है। ऐसा व्यक्ति अपने साथ औरों के सुख की भी कामना रखता है। 'बुद्धिर्यस्य बलं तस्य' अर्थात् वही शक्तिशाली है, जिसमें बुद्धि होती है। सद्बुद्धि न केवल सही मार्गदर्शन कराती है, बल्कि व्यक्ति को समय-समय पर नियंत्रित भी करती है। जब कभी मनुष्य भावावेश में आकर सही मार्ग से भटक जाता है उस समय सद्बुद्धि उसे रोकने का प्रयास करती है तथा उसे उचित मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। जहाँ सुमति का अभाव होता है वहाँ दुर्मति का प्रभाव स्थापित हो जाता है। अपने सुख की चिंता में व्यक्ति स्वार्थ-केंद्रित हो जाता है। ईर्ष्या-द्वेष, छल-कपट, हिंसा, आदि भावनाएँ उसके मन-मस्तिष्क को कलुषित कर देती हैं।