List of top Questions asked in CBSE CLASS XII- 2024

सत्य! कितना भोला-भाला, कितना सीधा-सादा, जो कुछ अपनी आँखों से देखा, बखान कर दिया, जो कुछ जाना बिना नमक-मिर्च लगाये बोल दिया। यही तो सत्य है न! इतना सरल। सत्य सृष्टि का प्रतिबिम्ब है, ज्ञान की प्रतिलिपि है, आत्मा की वाणी है। सत्यवादिता के लिए केवल निष्कपट मन चाहिए। एक झूठ के लिए हज़ारों झूठ बोलने पड़ते हैं, झूठ की लंबी शृंखला मन में बैठानी पड़ती है और कहीं तारतम्य न बैठा, पोल खुली तो अविश्वास का आघात सहना पड़ता है। अवमानना का कड़ुआ घूँट पीना पड़ता है। हाँ, सत्य बोलने और करने में भी किसी का अकारण अहित करने का उद्देश्य नहीं होना चाहिए।

संसार में जितने महान् व्यक्ति हुए हैं, सबने सत्य का सहारा लिया है – सत्य की उपासना की है। 'चन्द्र टरै सूरज टरै, टरै जगत व्यवहार' के उद्घोषक राजा हरिश्चंद्र की सत्यनिष्ठा जगद्विख्यात है। यह ठीक है कि उन्हें सत्य के मार्ग पर चलने में अनेक कठिनाइयों के दलदल में फँसना पड़ा, लेकिन उनकी कीर्ति आज चाँद की चाँदनी और सूरज की रोशनी से कम प्रकाशपूर्ण नहीं है। राजा दशरथ ने सत्यवचन निर्वाह के लिए अपना प्राणोत्सर्ग तक किया। महात्मा गांधी ने सत्य की शक्ति से ही विदेशी शासन की जड़ काट दी। उनका कथन है – सत्य एक विशाल वृक्ष है, उसकी ज्यों-ज्यों सेवा की जाती है, त्यों-त्यों उसमें अनेक फल आते हुए नजर आते हैं। उनका अन्त नहीं होता। वस्तुतः, सत्यभाषण और सत्यपालन के अमित फल होते हैं। सत्य बोलने का अभ्यास बचपन से ही डालना चाहिए।

झूठ बोलने वालों से लोगों का विश्वास उठ जाता है। उनकी उपेक्षा सर्वत्र होती है। उनकी उन्नति के द्वार बंद हो जाते हैं। कभी-कभी तो उन्हें अपनी बेशकीमती ज़िंदगी से भी हाथ धोना पड़ता है।

सत्य की महिमा अपार है। सत्य महान् और परम शक्तिशाली है। संस्कृत की सूक्तियाँ हैं – 'सत्यमेव जयते नानृतम् – नहि सत्यात् परो धर्म:' – सत्य की ही विजय होती है, असत्य की नहीं – तथा 'सत्य से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।' सत्य की एक चिनगारी से असत्य के फूस का अम्बार एक क्षण में भस्मसात् हो जाता है।
निम्नलिखित गद्यांशों में से किसी एक की सप्रसंग व्याख्या कीजिए: हालाँकि उसे खेती की हर बारीकी के बारे में मालूम था, लेकिन फिर भी डरा दिए जाने के कारण वह अकेला खेती करने का साहस न जुटा पाता था। इससे पहले वह शेर, चीते और मगरमच्छ के साथ साझे की खेती कर चुका था, अब उससे हाथी ने कहा कि अब वह उसके साथ साझे की खेती करे। किसान ने उसको बताया कि साझे में उसका कभी गुजारा नहीं होता और अकेले वह खेती कर नहीं सकता। इसलिए वह खेती करेगा ही नहीं। हाथी ने उसे बहुत देर तक पट्टी पढ़ाई और यह भी कहा कि उसके साथ साझे की खेती करने से यह लाभ होगा कि जंगल के छोटे-मोटे जानवर खेतों को नुकसान नहीं पहुँचा सकेंगे और खेती की अच्छी रखवाली हो जाएगी।
एक भरे-पूरे ग्रामीण अंचल को कितनी नासमझी और निर्ममता से उजाड़ा जा सकता है, सिंगरौली इसका ज्वलंत उदाहरण है। अगर यह इलाका उजाड़ रेगिस्तान होता, तो शायद इतना क्षोभ नहीं होता, किंतु सिंगरौली की भूमि इतनी उर्वरा और जंगल इतने समृद्ध हैं कि उनके सहारे शताब्दियों से हज़ारों वनवासी और किसान अपना भरण-पोषण करते आए हैं। 1926 से पूर्व यहाँ खैरवार जाति के आदिवासी राजा शासन किया करते थे, किंतु बाद में सिंगरौली का आधा हिस्सा, जिसमें उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश के खंड शामिल थे, रीवाँ राज्य के भीतर शामिल कर लिया गया। बीस वर्ष पहले तक समूचा क्षेत्र विंध्याचल और कैमूर के पहाड़ों और जंगलों से घिरा हुआ था, जहाँ अधिकांशतः कत्था, महुआ, बाँस और शीशम के पेड़ उगते थे। एक पुरानी दंतकथा के अनुसार सिंगरौली का नाम ही 'सृंगावली' पर्वतमाला से निकला है।
मैंने जॉन साहब का नाम सुन रखा था। वे हमारे शहर के जाने-माने बैरिस्टर थे, मुस्लिम सज्जन थे। संभवत: गांधीजी उनके यहाँ ठहरे होंगे। फिर सहसा ही गांधीजी के मुँह से निकला - "अरे, मैं उन दिनों कितना काम कर लेता था। कभी थकता ही नहीं था।" हमसे थोड़ा ही पीछे, महादेव देसाई, मोटा सा लट्ठ उठाए चले आ रहे थे। कोहाट और रावलपिंडी का नाम सुनते ही आगे बढ़ आए उस दौरे से जुड़ी अपनी यादें सुनाने लगे और एक बार जो सुनाना शुरू किया तो आश्रम के फाटक तक सुनाते चले गए। किसी-किसी वक्त गांधीजी, बीच में, हँसते हुए कुछ कहते। वे बहुत धीमी आवाज में बोलते थे, लगता अपने आपसे बातें कर रहे हैं, अपने साथ ही विचार विनिमय कर रहे हैं। उन दिनों को स्वयं भी याद करने लगे हैं।